बूंदी में धधक उठी राइस मील, मशीनों और स्टॉक को भारी नुकसान, लाखों का नुकसान
बूंदी की शिव कॉलोनी स्थित राइस मील में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई. लाखों की मशीनें और अनाज स्वाहा हो गया.
बूंदी : शहर के शिव कॉलोनी क्षेत्र में रविवार अल सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बूंदी स्थित एक राइस मील में अचानक भीषण आग भड़क उठी. आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही मिनटों में राइस मील परिसर धुएं के घने गुबार से ढक गया. आसपास के रहवासी घबराकर घरों से बाहर निकल आए और क्षेत्र में हड़कंप मच गया.
नगर परिषद के फायरमैन इमरान ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम तुरंत मौके पर पहुंची. तीन दमकल गाड़ियों की सहायता से आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया. आग तेजी से फैल रही थी, लेकिन समन्वित प्रयासों के चलते स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया. उन्होंने बताया कि अगर थोड़ी भी देरी होती तो नुकसान और भी गंभीर हो सकता था. प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट शर्किट माना जा रहा है. हालांकि, वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने भी घटनास्थल का जायजा लिया और आवश्यक जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह लगभग साढ़े 4 बजे कामकाज की तैयारियां चल रही थीं. मील के अंदर मक्का, चावल और गेहूं की ग्रेडिंग का कार्य जारी था. आधुनिक मशीनों की घरघराहट के बीच अचानक शॉर्ट शर्किट हुआ और चिंगारी ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया. आग पहले विद्युत पैनल के आसपास भड़की और फिर पास रखे मक्का के बोरे तथा मशीनों के हिस्सों को अपनी चपेट में लेती चली गई. राइस मील के भीतर लगी ग्रेडिंग और प्रोसेसिंग मशीनें आग की लपटों में घिर गईं.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस कंट्रोल रूम हरकत में आया. सूचना पर तत्काल तीन दमकल गाड़ियां मौके के लिए रवाना की गईं. दमकल कर्मियों ने पहुंचते ही आग बुझाने का मोर्चा संभाल लिया. करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका. समय रहते की गई कार्रवाई से आग को आसपास की अन्य इकाइयों और रिहायशी इलाकों तक फैलने से रोक लिया गया. इस अग्निकांड में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है. मशीनों, विद्युत उपकरणों और मक्का के स्टॉक को भारी क्षति पहुंची है. इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. समय रहते कर्मचारियों ने बाहर निकलकर अपनी जान बचाई.