बूंदी में भाजपा युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष शंकर गोरा का भव्य स्वागत, युवाओं में दिखा जबरदस्त उत्साह
रिपोर्टर शुभ दाधीच
भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष शंकर गोरा के प्रथम बूंदी आगमन पर युवाओं ने जोश, उत्साह और ऊर्जा के साथ उनका भव्य स्वागत किया। निजी होटल बाइपास में आयोजित इस कार्यक्रम में सैकड़ों कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने आयोजन को खास बना दिया।
कार्यक्रम के संयोजक भाजपा नेता ओम धगाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष का 21 किलो की माला और दुपट्टा पहनाकर जोरदार स्वागत किया। इस दौरान युवाओं की नारेबाजी से पूरा माहौल भाजपा के रंग में रंग गया।
जिला अध्यक्ष रामेश्वर मीणा ने भी शंकर गोरा का सम्मान करते हुए उनके नेतृत्व में संगठन को और मजबूत होने का विश्वास जताया।
अपने संबोधन में प्रदेश अध्यक्ष शंकर गोरा ने कार्यकर्ताओं और युवाओं का आभार जताते हुए कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ है और युवाओं की भागीदारी से ही देश व प्रदेश का भविष्य सुरक्षित होगा। उन्होंने युवाओं से संगठन से जुड़कर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
उन्होंने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पूर्ववर्ती सरकार ने युवाओं के साथ अन्याय किया। REET जैसी महत्वपूर्ण परीक्षाओं के परिणाम लंबे समय तक लंबित रहे, जिससे लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ। वहीं वर्तमान सरकार ने पेपर लीक मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर युवाओं का विश्वास मजबूत किया है।
कार्यक्रम के संयोजक ओम धगाल ने सभी कार्यकर्ताओं और उपस्थित जनसमूह का आभार व्यक्त करते हुए आयोजन को सफल बनाने के लिए धन्यवाद दिया।
इस अवसर पर भाजपा के कई पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया और प्रदेश अध्यक्ष को पूर्ण समर्थन देने का आश्वासन दिया।