वर्ल्ड चैंपियन बनने पर टीम इंडिया को आखिर टोटल कितनी प्राइज मनी मिली? BCCI और ICC से अलग-अलग कितने रुपये मिले?
Team India Total Prize Money From BCCI And ICC: भारतीय टीम वीमेंस वर्ल्ड कप फाइनल में साउथ अफ्रीका को हराकर वर्ल्ड चैंपियन बन गई है. टीम इंडिया ने 52 साल के इतिहास में पहली बार ये टाइटल हासिल किया है. वर्ल्ड कप फाइनल जीतने के बाद भारतीय टीम पर जमकर पैसों की बारिश हो रही है. भारतीय टीम को इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) से वर्ल्ड कप जीतने पर तो प्राइज मनी मिली ही है, वहीं भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने टीम की जीत पर प्लेयर्स और सपोर्ट स्टाफ को बड़ा इनाम दिया है. बीसीसीआई के इनाम की रकम, आईसीसी की प्राइज मनी से काफी ज्यादा है.
वर्ल्ड चैंपियन बनने पर ICC से मिली प्राइज मनी
वीमेंस वर्ल्ड कप 2025 की टोटल प्राइज मनी 13.88 मिलियन यूएस डॉलर रखी गई थी, जो कि भारतीय करेंसी में 123 करोड़ रुपये के करीब है. इस प्राइज मनी में से टीम इंडिया को फाइनल जीतने पर 4.48 मिलियन यूएस डॉलर मिले हैं, जो कि 40 करोड़ रुपये के करीब हैं. इस बार के वर्ल्ड कप में आईसीसी ने बाकी टीम को भी बंपर प्राइज मनी दी है.
आईसीसी ने इस बार के वर्ल्ड कप में पिछली बार 2022 में खेले गए वीमेंस वर्ल्ड कप की तुलना में प्राइज मनी को चार गुना बढ़ा दिया. पिछला वर्ल्ड कप ऑस्ट्रेलिया ने जीता था, तब जीतने वाली टीम को करीब 12 करोड़ रुपये दिए गए थे. वहीं इस बार के विश्व कप में साउथ अफ्रीका को रनर-अप रहते हुए भी करीब 20 करोड़ रुपये की प्राइज मनी मिली है.
भारतीय महिला टीम को वर्ल्ड कप 2025 जीतने पर मिली प्राइज मनी पुरुषों को 2023 वर्ल्ड कप में मिली प्राइज मनी से भी ज्यादा है. 2023 में ऑस्ट्रेलिया ने मेन्स वर्ल्ड कप जीता था, जो कि भारत में खेला गया था. इस फाइनल में रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत, ऑस्ट्रेलिया से हारा था. उस वर्ल्ड कप की टोटल प्राइज मनी 89 करोड़ रुपये थी. वहीं वीमेंस वर्ल्ड कप 2025 की टोटल प्राइज मनी 123 करोड़ रुपये रखी गई.
BCCI ने दिया ICC से ज्यादा इनाम
भारतीय टीम को महिला विश्व कप 2025 जीतने पर जहां आईसीसी से प्राइज मनी के तौर पर करीब 40 करोड़ रुपये मिले हैं. वहीं BCCI ने टीम इंडिया को वर्ल्ड कप जीतने पर 51 करोड़ रुपये देने का ऐलान किया है. ये अमाउंट टीम इंडिया के सभी प्लेयर्स, कोचिंग स्टाफ और सपोर्ट स्टाफ के लिए है. इस तरह भारतीय टीम को वर्ल्ड चैंपियन बनने पर टोटल 91 करोड़ रुपये प्राइज मनी में मिले हैं.
यह भी पढ़ें
जय शाह ने क्यों हरमनप्रीत कौर को नहीं छूने दिए पैर, वजह जान आप भी पूर्व BCCI सचिव की करेंगे तारीफ