बूंदी में 8वीं की परीक्षा देने जा रही नाबालिग छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
बूंदी में तीन युवकों पर नाबालिग छात्रा का अपहरण कर सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप. पीड़िता का कोटा में इलाज जारी.
बूंदी: जिले में शुक्रवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 8वीं कक्षा की परीक्षा देने जा रही एक नाबालिग बालिका के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया. पीड़िता को गंभीर हालत में कोटा के जेके लोन अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है.
पुलिस फिलहाल पीड़िता का मेडिकल परीक्षण करवा रही है और उसके बयान दर्ज करने के प्रयास में जुटी हुई है. केशवराय पाटन पुलिस उपाधीक्षक अशोक जोशी ने बताया कि पीड़िता का इलाज जारी है और अभी उसके बयान नहीं हो पाए हैं. परिजनों ने दो से तीन व्यक्तियों पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि घटना की सच्चाई पीड़िता के बयान और मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी.
पुलिस मामले की जांच में जुटी: घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी और अन्य अधिकारी कोटा अस्पताल पहुंचे. थाना प्रभारी ने कहा कि बयान दर्ज होने तक कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी. पुलिस जांच में यह सामने आ रहा है कि आरोपी पीड़िता के परिचित ही हो सकते हैं. साथ ही, दो परिवारों के बीच आपसी विवाद की बात भी उभरकर सामने आई है. उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की हर एंगल से बारीकी से जांच की जा रही है और आरोपी कोई भी हों, उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा. थाना प्रभारी ने बताया कि 3 युवकों पर दुष्कर्म का आरोप परिजनों ने लगाया है.
गंभीर हालत में इलाज जारी: थाना प्रभारी भगवान सहाय मीणा ने बताया कि परिजनों की शिकायत के अनुसार, घटना शुक्रवार दोपहर की है. पीड़िता परीक्षा देने जा रही थी, तभी तीन युवकों ने उसका अपहरण कर सुनसान इलाके में ले जाकर बारी-बारी से दुष्कर्म किया. उसके बाद पीड़िता को लहूलुहान हालत में छोड़कर आरोपी फरार हो गए. सूचना मिलने पर पुलिस ने बालिका को पहले कापरेन अस्पताल पहुंचाया, लेकिन हालत बिगड़ने पर उसे कोटा के जेके लोन अस्पताल रेफर कर दिया गया. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़िता के बयान के बाद ही पूरा घटनाक्रम स्पष्ट होगा. थाना प्रभारी भगवान सहाय मीणा ने बताया कि पुलिस पॉक्सो के अंतर्गत मामला दर्ज कर जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करेगी.