बूंदी: केसरी सिंह नगर में लोहड़ी पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया, अच्छी फसल की कामना की गई
रिपोर्टर शुभ दाधीच
बूंदी शहर के केसरी सिंह नगर क्षेत्र में लोहड़ी पर्व का त्योहार परंपरागत उल्लास और सामाजिक सौहार्द के साथ धूमधाम से मनाया गया। देवपुरा निवासी रणजीत के परिवार द्वारा कॉलोनीवासियों के सहयोग से यह आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम उनके बेटे की पुत्री मेहर कौर की पहली लोहड़ी के शुभ अवसर पर आयोजित हुआ, जिसे लेकर परिवार व कॉलोनीवासियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम की शुरुआत परंपरानुसार लोहड़ी जलाकर की गई। इस दौरान अग्नि को मूंगफली, रेवड़ी, तिल, गजक और मक्का अर्पित किया गया। सभी उपस्थित लोगों ने अग्नि की परिक्रमा कर अच्छी फसल, सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की। महिलाओं और बच्चों ने पारंपरिक गीत गाए, जिससे पूरे वातावरण में उत्सव का रंग बिखर गया।
लोहड़ी पर्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बुजुर्गों ने बताया कि यह पर्व नई फसल के स्वागत और प्रकृति के प्रति आभार प्रकट करने का प्रतीक है। इसी भावना के साथ सभी ने आने वाले समय में क्षेत्र में अच्छी पैदावार और खुशहाल जीवन की प्रार्थना की।
इस अवसर पर उपकार सिंह, बलकार सिंह, पूजा, स्वाति, मनप्रीत, परमजीत कौर, हरनूर कौर, जसकीरत कौर, गुंजन शर्मा सहित कॉलोनी के अनेक लोग उपस्थित रहे। सभी ने नन्हीं मेहर कौर को आशीर्वाद दिया और परिवार को पहली लोहड़ी की शुभकामनाएँ दीं।
कार्यक्रम के अंत में सभी के लिए प्रसाद व पारंपरिक व्यंजन वितरित किए गए। आयोजन ने सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे का संदेश दिया, वहीं देवपुरा क्षेत्र में लोहड़ी पर्व की यह सामूहिक खुशियाँ लंबे समय तक यादगार बनी रहेंगी।