बार काउंसिल ऑफ राजस्थान चुनाव, बूंदी में रघु गौतम एडवोकेट ने किया जनसंपर्क, अधिवक्ताओं से मांगा समर्थन
बूंदी। बार काउंसिल ऑफ राजस्थान के आगामी चुनावों को लेकर अधिवक्ताओं के बीच सरगर्मी तेज हो गई है। इसी क्रम में आज दिनांक 23 दिसंबर 2025 को बार काउंसिल ऑफ राजस्थान के सदस्य पद के प्रत्याशी रघु गौतम एडवोकेट ने बूंदी पहुंचकर व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने बूंदी अभिभाषक परिषद् के सभी अधिवक्ता सदस्यों से मुलाकात कर उनसे मत एवं समर्थन की अपील की।
बूंदी आगमन पर प्रत्याशी रघु गौतम एडवोकेट का बूंदी अभिभाषक परिषद् की ओर से भव्य स्वागत किया गया। परिषद् के सचिव पंकज दाधीच ने जानकारी देते हुए बताया कि बूंदी अभिभाषक परिषद् के अध्यक्ष नारायण सिंह हाडा द्वारा परंपरागत रूप से साफा बंधवाकर एवं माला पहनाकर रघु गौतम एडवोकेट का अभिनंदन किया गया। स्वागत कार्यक्रम में अधिवक्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर बूंदी अभिभाषक परिषद् के उपाध्यक्ष अनीस अहमद, सह सचिव किशन वर्मा सहित वरिष्ठ अधिवक्ता कैलाश नामधारणी, कैलाश गुप्ता, दिनेश पारिख, रामदत्त शर्मा, अरविंद शर्मा, भूपेंद्र सहाय सक्सैना, राकेश ठाकुर तथा पूर्व बार अध्यक्ष आनंद सिंह नरूका और संजय जैन, राजीव लोचन गौतम, शिफा उल हक पूर्व सचिव मुकेश शर्मा, मुख्तार अली भुट्टो, मुकेश जोशी, ऋषभ शर्मा समेत बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में प्रत्याशी को समर्थन देने की भावना व्यक्त की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
स्वागत समारोह के पश्चात आयोजित संवाद कार्यक्रम में प्रत्याशी रघु गौतम एडवोकेट ने अधिवक्ताओं को संबोधित किया। अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि यदि उन्हें बार काउंसिल ऑफ राजस्थान का सदस्य चुना जाता है, तो हाड़ौती क्षेत्र को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि हाड़ौती के अधिवक्ताओं की समस्याओं, सुविधाओं और अधिकारों के लिए वे सदैव तत्पर रहेंगे युवा अधिवक्ताओं के स्थाई फंड और ई लाइब्रेरी की व्यवस्था करने का आश्वाशन दिया, साथ ही पेंशन आयु 35 वर्ष करने पर जोर दिया वकीलों और उनके हितों की रक्षा के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।
रघु गौतम एडवोकेट ने अधिवक्ताओं को आश्वस्त करते हुए कहा कि बार और बेंच के बीच समन्वय को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने विशेष रूप से नए एवं युवा अधिवक्ताओं के लिए प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और आर्थिक सहायता की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि नए अधिवक्ताओं को अपने करियर की शुरुआत में कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, ऐसे में बार काउंसिल की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है। उनके लिए विशेष सहायता योजनाएं लागू कराने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में अधिवक्ताओं ने खुलकर अपने विचार रखे और बार काउंसिल से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की। प्रत्याशी रघु गौतम एडवोकेट ने सभी सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए उन्हें अपने चुनावी एजेंडे में शामिल करने का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ और अधिवक्ताओं ने एकजुटता के साथ लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी का संकल्प दोहराया।