राजकीय महाविद्यालय में सड़क सुरक्षा संवाद कार्यशाला आयोजित
रिपोर्टर शुभ दाधीच
बूंदी। राजकीय महाविद्यालय में सड़क सुरक्षा को लेकर संवादात्मक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला परिवहन अधिकारी सौम्या शर्मा रहीं, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में नमस्ते राजस्थान मोटिवेशन ग्रुप के काउंसलर रफीक रंगरेज एवं परिवहन निरीक्षक धर्मपाल गुर्जर उपस्थित रहे।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए जिला परिवहन अधिकारी सौम्या शर्मा ने कहा कि देश में प्रतिदिन सड़क दुर्घटनाएं मुख्यतः लापरवाही और यातायात नियमों की अवहेलना के कारण हो रही हैं। समाज में व्यापक जनजागरूकता फैलाकर ही इन दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमों का पालन करने और दूसरों को भी जागरूक करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों को लेकर सक्रिय रूप से प्रश्न पूछे। विद्यार्थियों ने पुराने, खराब और अनुपयोगी वाहनों पर सख्त कार्रवाई, बढ़ते प्रदूषण और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों पर जानकारी चाही। साथ ही यह सवाल भी उठाया कि क्या केवल चालान बनाना ही दुर्घटनाओं को रोकने का समाधान है।
नमस्ते राजस्थान मोटिवेशन ग्रुप के काउंसलर रफीक रंगरेज ने कहा कि सड़क सुरक्षा संवाद का मुख्य उद्देश्य बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने बताया कि सड़क हादसों में सबसे अधिक युवा वर्ग प्रभावित हो रहा है, जो अत्यंत चिंताजनक है।
परिवहन निरीक्षक धर्मपाल गुर्जर ने बताया कि देश में प्रतिवर्ष लगभग 5 लाख से अधिक सड़क हादसे होते हैं, जिनमें करीब डेढ़ लाख लोग असमय अपनी जान गंवा देते हैं। उन्होंने नियमों के पालन और सुरक्षित ड्राइविंग की महत्ता पर जोर दिया।
महाविद्यालय की प्राचार्य अनीता यादव ने कहा कि इस प्रकार के जनजागरूकता कार्यक्रम समय-समय पर होते रहने चाहिए, ताकि विद्यार्थियों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी विकसित हो सके।
कार्यक्रम में रोड सेफ्टी प्रभारी प्रतिभा किरण, दिलीप राठौड़, जितेंद्र कुमार सहित महाविद्यालय का स्टाफ मौजूद रहा। अंत में जिला परिवहन अधिकारी द्वारा विद्यार्थियों को जनजागरूकता के लिए टी-शर्ट वितरित की गई।