संभाग स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता: बूंदी टीम फाइनल में पहुँची

Mar 22, 2026 - 21:45
 64
संभाग स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता: बूंदी टीम फाइनल में पहुँची

रिपोर्टर शुभ दाधीच 

कोटा। अभिभाषक परिषद कोटा द्वारा आयोजित संभाग स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता के तहत जे के पवेलियन स्टेडियम में रविवार (22 मार्च 2026) को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में अभिभाषक परिषद बूंदी की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में प्रवेश कर लिया।

मैच में टीम सुरेंद्र भाटी कोटा बार ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 126 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी अभिभाषक परिषद बूंदी की टीम ने बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए मात्र 14.1 ओवर में 1 विकेट खोकर 130 रन बनाकर 9 विकेट से एकतरफा जीत दर्ज की।

बूंदी टीम की ओर से कप्तान नफीस रहमान ने शानदार 70 रनों की पारी खेली, जबकि शुभम जैन ने नाबाद 56 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई। गेंदबाजी में भी टीम का प्रदर्शन उत्कृष्ट रहा, जिसमें महेश ताखर ने 2 विकेट, शुभम जैन ने 4 विकेट और योगेंद्र ने 1 विकेट हासिल किया।

ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए शुभम जैन को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। टीम के सभी खिलाड़ियों ने शानदार गेंदबाजी, फील्डिंग और बल्लेबाजी का परिचय देते हुए टीम को फाइनल तक पहुंचाया।