रेडियोग्राफर संवर्ग के अतिरिक्त पद सृजन की मांग को लेकर ऊर्जा मंत्री एवं विधायक को सौंपा गया ज्ञापन
कोटा, — राजस्थान रेडियोग्राफर एसोसिएशन कोटा द्वारा आज चिकित्सा महाविद्यालय संलग्न चिकित्सा समूह में रेडियोग्राफर संवर्ग के अतिरिक्त पदों के सृजन की मांग को लेकर ऊर्जा मंत्री राजस्थान सरकार श्री हीरालाल जी नागर एवं विधायक कोटा दक्षिण माननीय श्री संदीप शर्मा को ज्ञापन सौंपा गया। एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष श्री हेमंत गौतम के नेतृत्व में प्रतिनिधि मंडल ने बताया कि बढ़ते कार्यभार, मरीजों की संख्या में निरंतर वृद्धि तथा अत्याधुनिक मशीनों के संचालन हेतु पर्याप्त मानव संसाधन की आवश्यकता है। इस पर माननीय ऊर्जा मंत्री एवं विधायक महोदय ने सहानुभूति पूर्वक विचार करते हुए विषय को महत्वपूर्ण बताया तथा चिकित्सा मंत्री को अनुशंसा करने एवं व्यक्तिगत स्तर पर वार्ता करने का आश्वासन दिया। साथ ही दोनों जनप्रतिनिधियों ने सकारात्मक रुख व्यक्त करते हुए समस्या के समाधान हेतु उचित कदम उठाने की बात कही। ज्ञापन देने वाले प्रतिनिधि मंडल में आशीष दाधीच, शिव प्रकाश नागर, सुनील वशिष्ठ, मनीष गौतम, रेखा वर्मा, सुनीता गोचर, सीमा गोचर, ज्योति यादव, हेमंत राठौड़, राकेश मीणा, संजय मेहता एवं प्रदीप गौतम उपस्थित रहे।