विधायक संदीप शर्मा ने मुख्यमंत्री भजनलाल से की भेंट
कोटा की अर्थव्यवस्था को मिले पर्यटन और उद्योगों का बूस्ट विधायक संदीप शर्मा ने बुधवार को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से उनके कार्यालय में भेंट की। विधायक शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री कोटा के विकास के लिए बहुत गंभीर हैं और उन्होंने बजट में जो घोषणाएं की थी उनकी प्रगति के बारे में भी फीडबैक लिया। विधायक शर्मा ने उन्हें बताया कि बजट में घोषित भगवान मथुराधीश जी मंदिर के विकास एवं कॉरिडोर का सर्वे पूर्ण हो चुका है तथा शीघ्र ही इसका निर्माण कार्य प्रारंभ हो जाएगा। इसी प्रकार मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व में बाघ दिसंबर माह में आने की संभावना है जिसके बाद यहां सैलानियों की संख्या में भारी वृद्धि होगी। विधायक संदीप शर्मा ने बजट की अन्य घोषणाओं की प्रगति की जानकारी भी मुख्यमंत्री को दी जिस पर उन्होंने कहा कि बजट की एक एक घोषणा को धरातल पर साकार करना हमारी जिम्मेदारी है इसके लिए वे सभी कार्यों को शीघ्र पूरा करने हेतु निर्देश जारी कर देंगे। इस अवसर पर कोटा के विकास की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई। विधायक शर्मा ने विगत बजट में कोटा को मिली सौगातो पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया और उन्हें कोटा में विकास की अपार संभावनाओं से अवगत करवाया। उन्होंने कहा कि कोटा में जहाँ धार्मिक, ऐतिहासिक और प्राकृतिक स्थान पर्यटकों को आकर्षित करने में सक्षम हैं वहीं सड़क, रेल की कनेक्टिविटी के साथ बिजली पानी जमीन की उपलब्धता उद्योगों के लिए अनुकूल है। ऐसे में कोटा की अर्थव्यवस्था को उद्योग और पर्यटन का बूस्ट मिलना चाहिए। मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया है कि कोटा में उपलब्ध संसाधनों के संपूर्ण उपयोग के लिए ठोस कार्य करवाये जाएंगे।